आरबीआई ने घटाया रेपो रेट, 3 महीने के लिए रुकेगी ईएमआई

कोरोना वायरस की वजह से गंभीर संकट से गुजर रही भारतीय अर्थव्यवस्था में लोन लेकर मकान खरीदने वाले, कार खरीदने वाले, पर्सनल लोन लेने वाले या अन्य लेनदारों को 3 महीने तक ईएमआई चुकाने से राहत मिल गई है, हालांकि क्रेडिट कार्ड से खरीदारी करने वालों को ये राहत नहीं मिलेगी। आरबीआई गवर्नर शक्तिकांत दास ने मौद्रिक नीति की समीक्षा के बाद यह भी कहा की टर्म लोन लेने वाले सभी ग्राहकों को 3 महीने तक ईएमआई नहीं चुकानी होगी। टर्म लोन वैसे लोन को कहा जाता है, जिसे चुकाने के लिए बैंक एक निश्चित राशि की किस्त बांध देता है, इसे ही आम भाषा में ईएमआई कहा जाता है। ये लाभ सरकारी और निजी क्षेत्र के बैंकों, सहकारी बैंकों या किसी हाउसिंग फाइनेंस कंपनी से टर्म लोन लेने वाले सभी ग्राहकों को मिलेगा। इसके साथ ही आरबीआई ने यह भी स्पष्ट किया कि 3 महीने तक ईएमआई ना चुकाने से उनके क्रेडिट स्कोर पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा। इसके अलावा लॉक डाउन की वजह से इनकम लॉस हो रहा है, ऐसे में आरबीआई ने रेपो रेट में कटौती करके ईएमआई के और घटने का रास्ता साफ कर दिया है। रेपो रेट में 75 बीपीएस की कटौती का ऐलान किया गया है, नया रेट 4.4% है। बैंकों को अपने दैनिक कामकाज के लिए ऐसी बड़ी रकम की जरूरत होती है जिनकी वैल्यू 1 दिन से ज्यादा नहीं होती, इसके लिए बैंक, रिजर्व बैंक से रात भर के लिए जो कर्ज लेते हैं, उस कर्ज पर रिजर्व बैंक को उन्हें ब्याज देना पड़ता है, इसे ही रेपो रेट कहते हैं। इस कटौती से लोन की मासिक किस्तें घटेंगी। इसके साथ ही रिवर्स रेपो रेट 90 बीपीएस से घटाकर 4% कर दिया गया है। रिवर्स रेपो रेट के हिसाब से बैंकों को आरबीआई के पास जमा की गई राशि पर ब्याज मिलता है। पिछली दो पॉलिसी रिव्यू में रेपो रेट में कोई बदलाव नहीं किया गया था। इसके अलावा सीआरआर (कैश रिजर्व रेशियो) में भी 100 बेसिस प्वाइंट की कटौती की गई है, अब यह घटकर 3% रह गया है। सीआरआर के तहत बैंक अपनी जमा की निश्चित फ़ीसदी राशि आरबीआई के पास अनिवार्य रूप से रखते हैं। पूरे 1 साल के लिए सीआरआर 4 फ़ीसदी की बजाय 3 फ़ीसदी होगा, इस फैसले से बैंकों के पास 1.37 लाख करोड़ की नगदी रहेगी, जिसे बाजार में लगाया जा सकेगा।

                                                          अम्बुज तिवारी

Comments

Post a Comment

Popular posts from this blog

प्रकृति द्वारा प्रकृति की पूजा का विधान : छठ महापर्व