मध्य प्रदेश में बड़ा सियासी उलटफेर
ज्योतिरादित्य सिंधिया ने 18 साल बाद कांग्रेस पार्टी छोड़ दी है, वही कांग्रेस पार्टी जिसमें उनके पिता ने भी राजनीति की थी। अब वह अपनी दादी की पार्टी में चले गए हैं। विजयाराजे सिंधिया, जिन्हें ग्वालियर के लोग राजमाता सिंधिया भी बुलाते हैं। जनसंघ और फिर भाजपा की बड़ी नेता थी। पार्टी को खड़ा करने में उनका बड़ा हाथ था। भाजपा के लिए खुशी, राहुल गांधी के करीबी के अपने पाले में आने से ज्यादा बड़ी है। ज्योतिरादित्य ने अकेले कांग्रेस नहीं छोड़ी, वह बड़ी संख्या में विधायक लेकर टूटे हैं। इसका मतलब ये है कि मध्यप्रदेश में कमलनाथ सरकार गिरने के कगार पर है, लेकिन आधिकारिक घोषणाओं में थोड़ा वक्त है। नवंबर 2018 में मध्य प्रदेश में 15वीं विधानसभा के लिए चुनाव हुए, तब वहां शिवराज सिंह चौहान 3 बार मुख्यमंत्री रह चुके थे । यहां 15 साल से भाजपा का राज था। 2018 में कांग्रेस जीती और कुछ निर्दलीय, सपा और बसपा के विधायकों के साथ मिलकर सरकार बना ली। इस तरह छत्तीसगढ़ और राजस्थान के साथ-साथ मध्यप्रदेश में भी कांग्रेस की सरकार बन गई । जैसे राजस्थान में सीएम पद को लेकर अशोक गहलोत और सचिन पायलट में खींचतान हुई, वैसा ही मध्यप्रदेश में कमलनाथ और ज्योतिरादित्य सिंधिया को लेकर था। दोनों जगह राहुल गांधी ने अनुभव को प्राथमिकता दी। राजस्थान में गहलोत और मध्यप्रदेश में कमलनाथ सीएम बने । हां एक अंतर ये था कि राजस्थान में डिप्टी सीएम का पद लाया गया, जबकि मध्यप्रदेश में नहीं । शायद इसलिए कि सिंधिया डिप्टी सीएम नहीं बनना चाहते थे। कमलनाथ सीएम के साथ-साथ सूबे के कांग्रेस अध्यक्ष भी बने रहे और फिर आया मई 2019, जब केंद्र में भाजपा की सरकार बनी और कांग्रेस का प्रदर्शन काफी खराब रहा, खासकर मध्यप्रदेश में। पश्चिमी यूपी, जहां सिंधिया कांग्रेस की कमान संभाले हुए थे, वहां भी कांग्रेस का बुरा हाल हुआ।आखिरी हफ्ते में वे अपने क्षेत्र लौटे, लेकिन अपनी सीट नहीं बचा सके। के पी यादव ने उन्हें एक लाख 23000 वोटो से हरा दिया। इसके बाद मध्य प्रदेश की कैबिनेट से भी ज्योतिरादित्य का नाम बाहर था। वह दिल्ली के चक्कर लगाते रहे, उनकी नाराजगी साफ थी। खबरें आती, कि वे सोनिया गांधी से मिलना चाहते थे और अध्यक्ष पद की मांग करना चाहते थे, मांग नहीं सुनी जाएगी तो पार्टी छोड़ देंगे लेकिन ये अटकलें ही रहीं । 3 नवंबर 2019 में हंगामा तब हुआ जब ज्योतिरादित्य ने अपने ट्विटर बायो से कांग्रेस को हटा दिया । पिछले दिनों उन्होंने कहा था कि जनता से किए गए वादे अगर पूरे नहीं हुए तो सड़क पर उतरना पड़ेगा, तब कमलनाथ ने इस चेतावनी को गंभीरता से नहीं लिया । इस दौरान कई बार चर्चा हुई कि मध्यप्रदेश में बगावत हो सकती है , सरकार गिर सकती है। फिर आया 3 मार्च का दिन, कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह के ट्वीट ने भाजपा पर हॉर्सट्रेडिंग के आरोप लगाए। 4 मार्च को दिग्विजय ने फिर आरोप लगाया कि भाजपा ने 4 विधायकों को जबरन गुड़गांव से बेंगलुरु शिफ्ट किया है। 5 मार्च को कांग्रेस विधायक हरदीप सिंह डंग ने विधानसभा अध्यक्ष को अपना इस्तीफा भेज दिया। 6 मार्च को कमलनाथ ने कैबिनेट की बैठक ली, विधायकों को भोपाल बुलाया यह घटनाक्रम आगे भी चलता रहा इसके बाद कमलनाथ ने दिल्ली आकर सोनिया गांधी से मुलाकात की । 9 मार्च को खबर आई कि मध्यप्रदेश में कांग्रेस के कुछ विधायक लापता हैं। धीरे-धीरे इन लापता विधायकों की संख्या बढ़ती गई । खबरें आई कि देर रात तक मध्य प्रदेश कांग्रेस के कई नेता बेंगलुरु पहुंच गए हैं। इस बीच मुख्यमंत्री कमलनाथ अपना दिल्ली दौरा बीच में ही स्थगित कर भोपाल लौट आए। कमलनाथ ने आपातकाल बैठक बुलाई, बैठक में सिंधिया और उनके समर्थकों को मनाने की आखिरी बार कोशिश की गई मुलाकात शिवराज सिंह चौहान ने भी जे पी नड्डा से दिल्ली मुख्यालय में की। इसके बाद होली के दिन ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अपना इस्तीफा ट्वीट कर दिया और अगले दिन आधिकारिक रूप से बीजेपी में शामिल हो गए । उनके समर्थन में रहे अन्य विधायकों ने भी ट्विटर पर इस्तीफे पत्र के साथ ग्रुप फोटो साझा की। अम्बुज तिवारी
Comments
Post a Comment