कोरोना ने पलटे इतिहास के पन्ने
कोरोना वायरस का संक्रमण पूरे विश्व में लगातार जारी है। भारत में भी यह दूसरे स्टेज पर पहुंच चुका है और अब तक 499 लोगों में यह पॉजिटिव पाया गया है। लगभग पूरे भारत में लॉकडाउन और कर्फ्यू लगा दिया गया है और लोगों से घरों में रहने को कहा गया है। कई घरों में काफी दिनों बाद सभी सदस्य एक साथ बैठे होंगे। यह हाल अमूमन हर घरों में होगा, मेरे घर में भी था। मां पापा के साथ बैठकर इसी मसले पर बातें होने लगी। इतिहास के पन्ने पलटे जाने लगे, तब पिताजी ने 1920 में फैले स्पेनिश फ़्लू के बारे में बताया, जिससे उस समय करोड़ों लोगों की जान गई, इसके अलावा प्लेग का ज़िक्र भी हुआ तो पता चला कि पिताजी के दादा के दो भाइयों की मौत इसी बीमारी से हो गई थी। लोग गांव छोड़कर भागने लगे थे, कुछ महीनों तक गांव के बाहर बंजारों जैसी जिंदगी बसर करनी पड़ी थी। मां ने बताया कि उनके नानाजी के रिश्तेदारों में कुछ की मौत इन्हीं बीमारियों के कारण हो गई थी, क्योंकि उस समय लापरवाही भी लोगों ने बहुत की थी और इतनी सुविधाएं भी नहीं थी। वह कच्चे घरों की छतों से चूहों के गिरने की बात बताने लगीं। दरअसल वह भी प्लेग की ही बात कर रहीं थीं, जो चूहों के शरीर पर पलने वाले कीटाणुओं की वजह से फैलता है, यह कीटाणु बहुत संक्रामक होते हैं। इन्हें वैज्ञानिकों ने "येरसीनिया पेस्टिस" नाम दिया था। यह चूहों के शरीर पर मिलने वाले दो तरह के बैक्टीरिया होते थे, न्यूमॉनिक और ब्यूबॉनिक। कुछ सालों बाद प्लेग ना हो, इसके लिए टीका लगाया जाने लगा। फिर पिताजी ने बताया कि 1940 से 1950 के आसपास पीने के पानी से हैजा फैला था, जिससे लाखों लोग इस बीमारी का शिकार हुए। इंदिरा गांधी के समय तक हैजा के मरीज और उनसे हुई मौतें भी देखी गयीं। कुएँ और तालाबों को ही जल का मुख्य स्रोत माना जाता था, उसमें क्लोरीन मिलाया गया ताकि इससे लोगों को राहत मिले, लेकिन इसके परिणाम नकारात्मक साबित हुए। फिर 1990 के आसपास हैजा का टीका आ गया। कोरोना इस सदी की ऐसी महामारी है, जिसने पिछले कई रिकॉर्ड तोड़े। बहुत कुछ पहली बार हुआ, ट्रेनें इतने दिनों तक बंद हुईं, इंटरनेशनल और डोमेस्टिक फ्लाइट्स बंद हुईं। राज्यों की सीमाओं को सील किया गया। पूरे देश में लॉकडाउन और कर्फ्यू की स्थिति है। पैंडेमिक, आइसोलेशन, क्वारंटाइन, इनक्यूबेशन, जैसे पश्चिमी शब्द आम भारतीय बोलचाल में इस्तेमाल किए गए। घरों में परिवार के साथ बैठने पर पुरानी बातें हुईं और इतिहास के पन्ने पलटे गए। कई बातें पता चलीं, जो हमारे परिवार और पूर्वजों से जुड़ी हुई थीं और हमें मालूम नहीं थीं। ऐसा शायद हर घर में हुआ होगा और भी कई तरह की बातें हुई होंगी, आगे भी शायद होती रहेंगी, जो हमारे लिए नई होंगी। ऐसी स्थिति में परिवार के साथ रहिए, घरों में रहिए, सुरक्षित रहिए। अम्बुज तिवारी
बहुत खूब
ReplyDelete