पृथ्वी दिवस पर दिखा वास्तविक पर्यावरण

22 अप्रैल, पूरे विश्व में अर्थ डे (पृथ्वी दिवस) के रूप में मनाया जाता है, लेकिन इस बार पूरी दुनिया कोरोना जैसी भयावह मानवीय त्रासदी से गुजर रही है। लेकिन वहीं इसका दूसरा पहलू भी है जो कि हमें जानना जरूरी है ताकि संकट से उबरने के बाद वह हमारे ज़हन में बना रहे और हमें याद रहे। यह पहलू है प्रकृति का। जिस तरह की खबरें दुनिया भर से आ रही हैं, उससे यह साबित होता है कि ये महामारी मानवता के लिए काल, लेकिन प्रकृति के लिए वरदान साबित हुई। हमने अपनी इस धरती और प्रकृति का बहुत शोषण और दोहन किया है, लेकिन अब दुनिया में लॉकडाउन होने के कारण इसमें काफी सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहे हैं, जैसे एयर क्वालिटी बढ़ गई है, नदियों का पानी स्वच्छ हो गया है, जानवरों को उनकी स्वतंत्रता मिल रही है और पक्षियों का मधुर स्वर सुनाई देने लगा है। इंसानों के अपने घरों में कैद होने के बाद जंगली जानवर उन जगहों पर बेफिक्र घूम रहे हैं जो कभी दरअसल उन्हीं की विरासत हुआ करती थी। अब जानवर पूरी आजादी के साथ बिना डर के बाहर घूम रहे हैं, जैसे उड़ीसा के समुद्री तट पर इस बार अंडे देने के लिए लुप्त प्राय 7 लाख 90 हज़ार ओलिव रिडले कछुए पहुंचे। अगर इसे इस महामारी का सकारात्मक प्रभाव कहा जाए तो गलत नहीं होगा। इन कछुओं ने गहिरमाथा और रुशिकुल्या में 6 करोड़ से ज्यादा अंडे दिए। इससे पहले यह तट सैलानियों से भरा रहता था। विशेषज्ञों का कहना है कि लॉकडाउन की वजह से गतिविधियां अगर सीमित ना होती तो ये कछुए इस तट पर पहुंचने से पहले ही मर जाते। इसी तरह से नेपाल की सड़कों पर गैंडे, मरीन ड्राइव पर भारी मात्रा में डॉल्फिन, दिल्ली के रिहायशी इलाकों में पक्षियों का कलरव, देहरादून की सड़कों पर दौड़ते हुए सांभर हिरण, नोएडा के जीआईपी मॉल के पास नीलगाय, कोझिकोड में सड़कों पर घूमता लुप्तप्राय कस्तूरी बिलाव जैसे प्रकृति के वास्तविक स्वरूप देखे गए। मेट्रो वेंकूवर के उत्तरी तट पर किलर व्हेल को ऊपर आते देखा गया, ऐसा 59 साल में पहली बार हुआ। लॉक डाउन की वजह से जहां तमाम फैक्ट्री बंद हैं, यातायात के तमाम साधन बंद है, वैश्विक अर्थव्यवस्था को भारी धक्का लगा है, लाखों लोग बेरोजगार हुए हैं, शेयर बाजार औंधे मुंह गिर चला है, लेकिन अच्छी बात यह है कि कार्बन उत्सर्जन रुक गया है। अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर की बात करें तो पिछले साल की तुलना में इस साल वहां प्रदूषण 50% तक कम हुआ है। लॉक डाउन के बाद से भारत में भी प्रदूषण के स्तर में काफी कमी आई है। खासकर यमुना नदी पर इसका असर साफ दिख रहा है। इस नदी को साफ करने के लिए सरकार करोड़ों रुपए खर्च कर रही थी, लेकिन फिर भी अधिक सफाई नहीं हो पाई थी। गंगा का जल भी निर्मल होने लगा है, दावे के अनुसार गंगाजल में 35 से 40% का सुधार देखने को मिला है। कारखानों के बंद होने से गंगा में प्रवाहित होने वाला दूषित जल अब नदारद है। जल में घुलित ऑक्सीजन अब 5 से 6 प्रति लीटर एमजी से बढ़कर 8 से 9 प्रति लीटर एमजी हो गई है। फैक्ट्री और गाड़ियों के बंद होने से हवा में प्रदूषण कम हुआ और ओजोन परत में सुधार के संकेत मिले। वायु प्रदूषण के कम होने से पेड़ पौधे और जीव अब स्वच्छ हवा में सांस ले रहे हैं। इतना नीला आसमान लोगों ने शायद पहली बार देखा हो। चीन और यूरोप के कई देशों में भी कार्बन उत्सर्जन में 25% की कमी आई है। इसके अलावा लॉकडाउन की वजह से धरती के कई हिस्सों में कंपन भी कम हुआ है, लेकिन सोचना यह है कि जब आम जिंदगी वापस पटरी पर लौटेगी तो प्रकृति की यह ताजगी क्या यूं ही बनी रहेगी? क्या ये जो  बदलाव हम देख पा रहे हैं यह हमेशा ऐसे स्थिर रहेगा? सारी बात हम पर आती है कि सब कुछ सही हो जाने के बाद अब हम प्रकृति के साथ कैसे पेश आएंगे? लॉक डाउन की वजह से पर्यावरण में हमें जो परिवर्तन दिखे, क्या हम उसे अपने ज़हन में बैठा पाते हैं या नहीं? पर्यावरण को बचाने के लिए लोगों को अपनी आदतें बदलनी होंगी। हर साल ऐसे ही 10 से 15 दिन का लॉकडाउन प्रकृति की सुरक्षा के लिए रखा जाए तो यह गलत नहीं होगा, क्योंकि हम से ही ये प्रकृति है और हम इसका एक हिस्सा हैं।                                                                                                                                              अम्बुज तिवारी

Comments

Post a Comment

Popular posts from this blog

प्रकृति द्वारा प्रकृति की पूजा का विधान : छठ महापर्व