कोरोना ने तोड़ी महाश्मशान की परंपरा
कोरोनावायरस के चलते लॉक डाउन पूरे देश में जारी है, जिसके कारण सालों से चली आ रही कई परंपराएं अब टूट रही हैं। वाराणसी का मणिकर्णिका घाट, जहां कभी जलाने के लिए चिताओं की लाइनें लगी रहती थी, वह लाइनें अब खत्म हो गई हैं। गलियों से होकर घाट पर जाने वाला रास्ता अब सुनसान पड़ा है, साथ ही चिता का कुंड जहां से अग्नि को लेकर चिताओं को जलाया जाता था, वह कुंड अब पूरी तरह शांत है। वाराणसी के इस मोक्ष घाट पर प्रतिदिन 150 से 200 लाशें जला करती थी, लेकिन लॉकडाउन के कारण अब यहां केवल 5 से 10 की संख्या में ही अंतिम संस्कार किये जा रहे हैं। इस घाट पर वाराणसी के अलावा अन्य जगहों से भी मृत शरीर अंतिम संस्कार के लिए लाए जाते थे। ऐसी मान्यता है कि मरने के बाद यदि अंतिम संस्कार वाराणसी के मणिकर्णिका घाट पर हो, तो मोक्ष की प्राप्ति होती है। इस लॉकडाउन का असर घाटों पर दाह संस्कार करने वाले लोगों और उनके परिवारों पर भी पड़ा है। कई बाहरी लोग यह काम छोड़ कर अपने घर जा चुके हैं और जो आसपास के हैं, उनके लिए भी रोजी-रोटी की समस्या उत्पन्न हो गई है, क्योंकि लाशें ना आने की वजह से सबसे ज्यादा असर घाट पर इससे जुड़े काम करने वाले मजदूरों की मजदूरी पर पड़ा है। इसे कुदरत का कहर कहें या इंसानी गलतियों का नतीजा, लेकिन कोरोना वायरस ने इस मोक्ष के द्वार पर लॉक डाउन की पाबंदी लगा दी है। अम्बुज तिवारी
वाह! खूबसूरत 👍
ReplyDelete