प्रकृति द्वारा प्रकृति की पूजा का विधान : छठ महापर्व

 आज इस लेख में मैं अपने सभी पाठकों को छठ महापर्व के महत्व को समझाने का प्रयत्न कर रहा हूँ। चार दिवसीय छठ महापर्व के उपलक्ष पर वैसे तो दिनों के हिसाब से अलग-अलग विधि विधान है जो शायद सबको पता हो लेकिन इस पर्व का आध्यात्मिक और वैज्ञानिक महत्व सभी व्यक्तियों के जीवन से जुड़ा हुआ है। यह एकमात्र ऐसी पूजा है जो प्रकृति द्वारा प्रकृति को समर्पित है इसमें किसी भी तरह के पंडित, पुरोहित की आवश्यकता नही होती, इस पर्व में साक्षात सूर्य देव और षष्ठी तिथि यानि छठ माता की पूजा की जाती है। पहले दिन नहाए खाए करने के बाद व्रत के लिए संकल्प लिया जाता है उसके बाद बिना अन्न जल के निर्जला व्रत रख कर छठ पर्व के दूसरे दिन यानि खरना के दिन शाम को गुड़, दूध, गन्ने के रस और 60 दिन में उगने वाले चावल की खीर बनाई जाती है ऐसा कहा जाता है कि खरना के दिन इस खीर को ग्रहण करने से 36 घंटे के निर्जला उपवास के लिए शक्ति मिलती है, इसी प्रसाद को घर के सभी लोग ग्रहण करते हैं और आसपास के लोगों को भी प्रसाद ग्रहण करने के लिए आमंत्रित किया जाता है। ऐसी मान्यता है कि जिस महिला या पुरुष ने व्रत रखा हुआ है वह उन चार दिवसों तक घर का सबसे श्रेष्ठ व्यक्ति कहलाता है और सभी उनके चरण स्पर्श कर आशीर्वाद ग्रहण करते हैं। यह पर्व ऐसे मौसम या ऐसे समय में होता है जब सभी तरह के फल व ताजी सब्जियां हमें आसानी से बाजार में उपलब्ध होते हैं। यह एक मात्र ऐसा त्यौहार है जिसमें इतने तरह के पकवान और फलों को भगवान सूर्य को समर्पित किया जाता है क्योंकि सूर्य के तेज की ही वजह से इस समय इन फलों को प्राप्त किया जा सकता है, तो सर्वप्रथम भगवान सूर्य को ही इन सारे फलों को समर्पित किया जाता है, जिसमें मुख्यत: नारियल, चकोतरा या गागल,पानीफल(सिंघाड़ा), सेब, केले का घवध, पत्ते वाली हल्दी,पत्ते वाला अदरक, संतरा, अनानास, अमरूद, शकरकंदी, मूली, सुथनी, नासपाती, गन्ना, पान का पत्ता, सुपारी आदि शामिल हैं। इस पर्व को पुरुष व महिला दोनों समान रूप से करते हैं। जिस घर में छठ पूजा होती है, इन चार तिथियों में उस घर मे शादी विवाह जैसी धूम और उत्साह रहता है। छठ पर्व के तीसरे दिन यानि षष्ठी तिथि को सुबह से ही पकवानों के बनने का दौर शुरू हो जाता है इसमें गन्ने के रस, आटे और गुड़ को मिलाकर ठेकुआ बनाया जाता है जो छठ महापर्व का मुख्य प्रसाद होता है। अर्घ्य का सूप और डाला या दउरा सजाकर शाम को अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को अर्घ्य देने श्रद्धालु घाटों पर परिवार सहित पहुँचते हैं। "कांच ही बांस के बहंगिया, बहँगी लचकत जाय" आदि गीतों को गाते हुए महिलाएं घाट की ओर जाती हैं। छठ ही एकमात्र ऐसा पर्व है जिसमे डूबते हुए सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया जाता है। सूर्यास्त होने पर लोग घर पहुंच कर आंगन या छत पर ईंख का तंबू बनाकर कोसी भरने की प्रक्रिया को पूर्ण करते हैं और कोसी के गीतों को गाया जाता है जो इस प्रकार है, "चाननी ताने चलले महादेव, घुंटी भर धोती भींजे" ईख के तंबू को जिस नए गमछे या धोती से बांधा जाता है, उसे चाननी कहा जाता है। इसे बांधने का काम घर के श्रेष्ठ पुरुष करते हैं। कोसी भरने के बाद इस कोसी को पुनः किसी दूसरे डाले या दौरे में व्यवस्थित तरीके से रखकर रात को 3 बजे दोनो डाला को ईंख के तंबू के साथ, कोसी वाले डाले को जलते 9 दीपक के साथ सर पर रखकर घाट पर ले जाकर तंबू तानकर उसी कोसी को घाट पर रात को 3 बजे भरा जाता है। कोसी भरने के बाद व्रती स्नान कर के कमर तक पानी मे खड़े होकर सूर्य देव के अतिशीघ्र उदित होने के लिए आह्वाहन करते हैं। "उग हो सुरुज देव भइल भिनुसरवा अरघ के रे बेरवा पूजन के रे बेरवा हो।" "तीन दिन भुखिये के आसरा लगा के, काल्हु से निहारी राह घटिया प आके, जोहे राह फुलवा पतैया हो उगी हे दीनानाथ, यह सूर्योदय के आह्वाहन गीत हैं जो छठ के कठिन व्रत और तपस्या को दर्शाते हैं। इसी एकमात्र पर्व पर महिलाएं नाक से माथे तक का सिंदूर लगाती हैं। प्रातः सूर्योदय होने पर अर्घ्य के समय गंगा जल से भीगे आँचल को हाथों में लेकर उस आँचल पर किसी अन्य महिला या घर के किसी महिला सदस्य द्वारा हथेली व आँचल में सिंदूर और ऐपन का लेप लगाया जाता है उसके बाद सभी फल सामग्रियों व दियों से सजा हुआ जोड़ा कलसूप हाथों में रख कर, कच्चे दूध व जल से भगवान भास्कर को अर्घ्य दिया जाता है। व्रती सूप को हाथों में लेकर कमर भर पानी मे खड़े होकर सूर्यदेव की परिक्रमा करते हैं। वैज्ञानिकता के आधार पर यह पर्व मानव शरीर को निरोगी रखने का भी एक संकल्प व्रत कहलाता है क्योंकि ऐसा कहा जाता है कि मनुष्य का शरीर जल, अग्नि, वायु, धरती और आकाश से मिलकर बना हुआ है इस प्रकार से यह प्राकृतिक महापर्व ही एक ऐसा अनुष्ठान है, जिसमे सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते समय मनुष्य किसी जलाशय या नदी में होता है उसके चारों तरफ वायु भी विद्यमान होती है, जल के साथ ही वह आकाश और धरती के बीच मौजूद होता है और अर्घ्य के सूप में जलता हुआ दीपक अग्नि का द्योतक होता है। अर्घ्य सम्पन्न होने के बाद घर के सभी सदस्य व्रती के पांव छूकर आशीर्वाद लेते हैं। इसके बाद कच्चा अदरख और ठेकुआ खाकर व्रती इस महाव्रत का पारण करते हैं, और छठ का प्रसाद वितरित किया जाता है।                                                                                                                                                               अम्बुज तिवारी

Comments

Post a Comment